मंगलवार, 7 जुलाई 2026

अब सूरज नहीं उगता

अब सूरज बाग, जंगल, तलहटी के पीछे 
नहीं छुपता 
अब वह किसी गगनचुंबी इमारत के पीछे,
डुब्ब से डूब जाता है 
गहरे कुएँ में हाथ से छूटी बाल्टी की तरह ।
विशाल पर्वत के पीछे से 
अंधेरा बुहारने वाला नहीं उगता 
अब वह उगता है अट्ठहास कर गरजते
पूंजीपतियों के भव्य महलों के पीछे से ।
पहाड़, पर्वत बिछ गए अर्थव्यवस्था चमकाने में
जंगल, चारागाह, हरे-भरे मैदानों ने
संयुक्त परिवार में घुटन महसूस करती 
पीढ़ियों के लिए अपने आपको कुर्बान कर दिए
अब वहाँ वो पीढ़ी किसी कमरे में सिमट कर 
पर्यावरण संरक्षण व संतुलन पर 
प्रोजेक्ट तैयार कर रही है ।

© सर्वेश कुमार मिश्र
ग्राम / पोस्ट - ईशापुर 
जनपद - जौनपुर ।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें